गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नाकेबंदी कर रही STF टीम को ही कार सवार लोगों ने निशाना बना लिया। सोहना एलिवेटेड हाईवे के भोंडसी कट पर 10 से 12 युवकों ने पहले STF की सरकारी गाड़ी में टक्कर मारी, फिर पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना में STF के दो जवान घायल हुए हैं। किसी जवान को गोली लगने की सूचना नहीं है।
बदमाश की सूचना पर STF ने लगाया था नाका
जानकारी के मुताबिक, STF की सेंट्रल यूनिट को सूचना मिली थी कि एक वांछित बदमाश गुरुग्राम से सोहना एलिवेटेड हाईवे होते हुए भोंडसी की तरफ आ सकता है। इसके बाद एसआई राजकुमार के नेतृत्व में STF टीम ने भोंडसी कट के पास नाकेबंदी की।
रात करीब एक बजे अलग-अलग कारों में 10 से 12 युवक मौके पर पहुंचे। संदिग्ध गतिविधि देखकर STF टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
रोकने के बजाय STF की गाड़ी में मारी टक्कर
आरोप है कि रुकने के बजाय कार चालकों ने गाड़ियां तेज कर दीं और नाके पर खड़ी STF की सरकारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
इसके बाद कारों से उतरे युवकों ने सरकारी वाहन के शीशे तोड़ दिए और STF कर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान टीम की ओर फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। हालांकि, किसी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी।
STF ने भी की जवाबी फायरिंग
स्थिति बिगड़ने पर STF टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी कारों में सवार होकर भोंडसी की तरफ फरार हो गए।
घटना में घायल दोनों जवानों को उपचार के लिए सोहना नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
CCTV और तकनीकी सर्विलांस से तलाश
मामले में STF के एसआई राजकुमार की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए वाहनों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मौके पर पहुंचे युवकों का संबंध उस संदिग्ध बदमाश से था या नहीं, जिसकी सूचना पर STF ने नाकेबंदी की थी।
गुरुग्राम में STF टीम पर ही क्यों टूट पड़े आरोपी?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि नाकेबंदी देखकर आरोपी रुके क्यों नहीं और सीधे STF की गाड़ी में टक्कर क्यों मारी ? पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। आरोपियों की पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है।
