Gurugram, वायरल सच (ब्यूरो): जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स-2026 में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) की महिला 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली सुचिका तारियाल हुड्डा का गुरुग्राम में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। सुचिका ने एशियन गेम्स की एमएमए स्पर्धा में भारत को पहला पदक दिलाया है।
Gurugram खेल विभाग में जूनियर जूडो प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत सुचिका के स्वागत के लिए गुरुद्वारा रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला के पास से स्वागत यात्रा निकाली गई। सुचिका को गाड़ी की छत पर बैठाकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा नेहरू स्टेडियम पहुंची। यहां खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
60 किलो वर्ग में कांस्य जीतकर रचा इतिहास
सुचिका ने 21 सितंबर को 60 किलोग्राम भार वर्ग की एमएमए स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ वह एशियाई खेलों की एमएमए स्पर्धा में पदक जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बनीं।
सुचिका की इस उपलब्धि से गुरुग्राम और हरियाणा के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल विभाग में जूनियर प्रशिक्षक के रूप में काम करने वाली सुचिका की अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।
विधायक मुकेश शर्मा ने एक लाख रुपये देकर किया सम्मानित
स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे Gurugram विधायक एवं हरियाणा ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने सुचिका को एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि सुचिका ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत, हरियाणा और Gurugram का नाम रोशन किया है। एमएमए में भारत के लिए पहला एशियन गेम्स पदक हासिल करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2036 में भारत में ओलिंपिक खेलों का आयोजन कराना है। खिलाड़ियों को अभी से इसके लिए तैयारी करनी चाहिए और अपने प्रदर्शन के माध्यम से देश का नाम रोशन करना चाहिए।
खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
मुकेश शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के साथ खेल नर्सरियों के माध्यम से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि 100 खिलाड़ियों की क्षमता वाले खेल हॉस्टल की इमारत जल्द तैयार कराने का प्रयास किया जाएगा। उच्च अधिकारियों के माध्यम से अगले आठ-नौ महीने में इसके निर्माण की दिशा में काम आगे बढ़ाने की बात कही गई, ताकि मुख्यमंत्री की घोषणा का लाभ खिलाड़ियों को जल्द मिल सके।
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने किया अभिनंदन
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने अतिथियों का स्वागत किया। खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, निजी खेल नर्सरियों से जुड़े लोगों के अलावा भाजपा नेता उर्मिला यादव और पवन अहलावत ने भी सुचिका का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक अशोक कुमार, मीनाक्षी सैनी, कुलवंत सिंह, सुनील नडानिया, शिवानी कटारिया, आलिया खान, निर्मला डागर और राजेश सैनी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
