सिरसा, वायरल सच (ब्यूरो): सिरसा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 23 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी दिनेश, सुमित, वीर सिंह, राम सिंह और मनोज के रूप में हुई है।
कार सवार तीन युवकों से मिली 7 ग्राम हेरोइन
सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम किसान चौक सिरसा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान हुड्डा सेक्टर की तरफ से एक ऑल्टो कार में तीन युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम को सामने देखकर युवकों ने कार वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस ने कार सवार युवकों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है।
फग्गू गांव में पैदल युवक से 7 ग्राम हेरोइन बरामद
इसके अलावा सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गांव फग्गू क्षेत्र से आरोपी रामसिंह को 7 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। सीआईए प्रभारी के अनुसार पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान गांव फग्गू की तरफ जा रही थी।
इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एंटी नारकोटिक्स सेल ने 9 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा युवक
वहीं, एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की टीम ने सिरसा शहर क्षेत्र से युवक मनोज को 9 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।

