गुरुग्राम में मेयर राजरानी मल्होत्रा की चेतावनी: टेंडर शर्तें नहीं मानने वाली कचरा संग्रहण एजेंसियां होंगी ब्लैकलिस्ट

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो एजेंसियां टेंडर की शर्तों के अनुसार निर्धारित संख्या में वाहन उपलब्ध नहीं कराएंगी, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुरुवार को मेयर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था, टेंडर शर्तों के पालन और सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मेयर ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ है। इसलिए संबंधित एजेंसियों को टेंडर के अनुरूप सभी वाहन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने होंगे। यदि कोई एजेंसी निर्धारित मानकों का पालन नहीं करती है तो उस पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ-साथ ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में संचालित कचरा संग्रहण वाहनों का पूरा विवरण, जिसमें वाहन संख्या, संबंधित एजेंसी का नाम और एजेंसी प्रतिनिधि का संपर्क नंबर शामिल हो, संबंधित वार्ड पार्षदों को उपलब्ध कराया जाए ताकि स्थानीय स्तर पर भी प्रभावी निगरानी हो सके।

मेयर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता प्रत्येक घर से समयबद्ध और नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित करना है। इसके लिए एजेंसियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है।

बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका, रविन्द्र यादव, कुशल कटारिया, पूजा चांवरिया, डॉ. जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, डॉ. प्रीतपाल सिंह, सपना यादव तथा कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles