देवरिया में 126 पेटी अवैध शराब के साथ आठ तस्कर गिरफ्तार, बिहार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

देवरिया, वायरल सच (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की श्रीरामपुर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 126 पेटी अवैध देशी शराब, आठ मोटरसाइकिल, चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद कर आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल का भी खुलासा हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मैदनिया तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग देशी शराब की दुकान के पास मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर बिहार शराब तस्करी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पुलिस ने 103 पेटी ‘बंटी बबली’ और 23 पेटी ‘रोमियो राजा’ ब्रांड की देशी शराब बरामद की। कुल 126 पेटी शराब में 5,670 पाउच (200 एमएल) यानी 1,134 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आठ मोटरसाइकिल और चार फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गईं, जिनकी कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की राजभर, राहुल कुमार गुप्ता, नीपू कुमार बैठा, प्रियांशु कुमार सिंह, विशाल तिवारी, राहुल कुमार यादव, यश सिंह और नितेश कुमार पाठक के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी नंबर प्लेट और चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर उत्तर प्रदेश से शराब बिहार ले जाकर बेचते थे। जांच में तीन मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट मिली, जबकि एक बाइक बिहार के सिवान जिले से चोरी की निकली

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles