Vinkmag ad

एक बारिश में डूबा गुरुग्राम, विकास के दावों की खुली पोल : वर्धन यादव

Vinkmag ad

गुरुग्राम, वायरल सच (मनप्रीत कौर) : मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव, सड़कों के धंसने और घंटों लगे ट्रैफिक जाम को लेकर जिला गुरुग्राम कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाले मिलेनियम सिटी की एक बारिश ने सरकार और प्रशासन के विकास के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी है। शहर में लाखों लोग घंटों सड़कों पर फंसे रहे, लेकिन जिम्मेदार विभाग हालात संभालने में पूरी तरह नाकाम दिखाई दिए। कांग्रेस नेता वर्धन यादव ने कहा कि शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सिविल लाइन रोड पर सड़क धंसने से वाहन फंस गए, जबकि दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर सड़क का हिस्सा धंसने से भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। शहर की आंतरिक सड़कों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक बदहाल स्थिति ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने और जलभराव रोकने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही शहर की वास्तविक तस्वीर सामने आ जाती है। आखिर ड्रेनेज और सड़कों के निर्माण व मरम्मत पर खर्च किए गए करोड़ों रुपये का परिणाम कहां दिखाई दे रहा है, कांग्रेस नेता ने कहा कि गुरुग्राम की जनता भारी टैक्स देती है, लेकिन बदले में उसे जलभराव, टूटी और धंसी सड़कें तथा घंटों का ट्रैफिक जाम मिल रहा है। कॉर्पोरेट कर्मचारी, स्कूली बच्चे, महिलाएं और आम नागरिक घंटों परेशान रहे। कई लोगों को अपने कार्यालय और घर पहुंचने में कई घंटे लग गए। उन्होंने सरकार से मांग की कि जलभराव और सड़क धंसने के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि केवल अधिकारियों की बैठकें और कागजी दावे करने से गुरुग्राम स्मार्ट सिटी नहीं बनेगा। जनता को घोषणाएं नहीं, जमीन पर मजबूत ड्रेनेज, सुरक्षित सड़कें और जवाबदेह प्रशासन चाहिए।

Read Previous

हरियाणा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 340.84 करोड़ रुपये के विकास कार्यों और खरीद प्रस्तावों को दी मंजूरी

Read Next

22 जुलाई को राष्ट्रीय ध्वज दिवस घोषित करने की मांग, पूर्व DGP शील मधुर ने PM से किया आग्रह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular