गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम के सेक्टर-81 में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब धारूहेड़ा स्थित आरपीएस स्कूल की एक स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में कोई छात्र सवार नहीं था, क्योंकि बस बच्चों को लेने जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे अल्टीमा सोसाइटी के पास स्थित गोल चक्कर पर बस नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर पर चढ़ गई। इससे बस पलटने जैसी स्थिति बन गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक शराब के नशे में था। लोगों ने जब उसे बस से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक नशे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस घटना ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और ड्राइवरों की लापरवाही पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि हादसे के समय बस में छात्र मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल बस चालकों की नियमित मेडिकल जांच, शराब परीक्षण और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।