गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर)-2026 के तहत गुरुग्राम जिले में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही रूप से मतदाता सूची में दर्ज हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने मंगलवार को बताया कि यदि किसी मतदाता के घर अभी तक संबंधित बीएलओ गणना प्रपत्र लेकर नहीं पहुंचे हैं, तो वे इसकी सूचना निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर या संबंधित विधानसभा क्षेत्र के हेल्पलाइन नंबर पर दे सकते हैं। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित बीएलओ को मौके पर भेजा जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।
विधानसभा क्षेत्रवार हेल्पलाइन नंबर
पटौदी विधानसभा – 0124-6934034
बादशाहपुर विधानसभा – 0124-2570029, 0124-4268806
गुरुग्राम विधानसभा – 8700751185
सोहना विधानसभा – 9466142565
उपायुक्त उत्तम सिंह ने सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एआरओ) एवं सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एडिशनल एआरओ) को निर्देश दिए हैं कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक बीएलओ अपने निर्धारित क्षेत्र के सभी मतदाताओं तक पहुंचकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण समयबद्ध तरीके से पूरा करे।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सशक्त निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाना है।