सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में पैरोल जंप कर फरार कुख्यात बदमाश ढेर, हेड कॉन्स्टेबल घायल

सोनीपत,वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा के सोनीपत जिले में सोमवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पैरोल जंप कर फरार चल रहे अपराधी गोपाल की मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह घायल हो गए। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सूचना मिली थी कि अटायल गांव निवासी गोपाल नहर के रास्ते एमपी माजरा और खूबडू होते हुए अटायल की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए-1 गन्नौर की टीम ने इलाके में घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान गोपाल ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उसने करीब नौ राउंड गोलियां चलाईं और पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने दो अवैध हथियार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, जिंदा कारतूस और कई खाली खोखे बरामद किए हैं। बदमाश की फायरिंग से पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस के अनुसार, गोपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों सहित 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे दो अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा भी सुनाई जा चुकी थी। वह लगभग 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा और फरार चल रहा था।

जांच में सामने आया है कि पैरोल के दौरान गोपाल ने अटायल गांव में जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग की थी। इसके अलावा उसने गांव के शराब ठेके पर लूट के इरादे से फायरिंग और आगजनी की वारदात को भी अंजाम दिया था। उसके खिलाफ समालखा क्षेत्र से एक ब्रेजा कार चोरी करने का मामला भी दर्ज था। पुलिस के अनुसार, सोमवार को भी वह गांव के एक व्यक्ति की हत्या की नीयत से घूम रहा था।

इस कार्रवाई को सीआईए-1 गन्नौर के प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में पीएसआई रविकांत, पीएसआई ओमवीर, एसआई मुकेश, एएसआई विजेश्वर, एएसआई कृष्ण, हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल राकेश, कांस्टेबल विकास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है तथा मुठभेड़ से संबंधित सभी कानूनी औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles