गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : कार सवार हमलावरों ने डिलीवरी ब्वॉय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उस पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। वे उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने एक सप्ताह पहले डिलीवरी ब्वॉय को धमकी भी दी थी। गंभीर हालत में डिलीवरी ब्वॉय को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। डिलीवरी ब्वॉय की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है।
घायल अभिषेक के भाई रितेश ने बताया कि वे दोनों भाई बिग बास्केट कंपनी में बतौर डिलीवरी ब्वॉय काम करते हैं। सोमवार को अभिषेक सामान की डिलीवरी देने जा रहा था। इसी दौरान सेक्टर-10 के पास जब वह पहुंचा तो एक कार में सवार चार-पांच युवक उतरे। उनके हाथों में लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी भी थी। उन्होंने तुरंत ही अभिषेक पर हमला करना शुरू कर दिया। हमलावर युवकों ने अभिषेक की हत्या करने का प्रयास किया। उस पर बुरी तरह से हमला किया गया। हमले की पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
अभिषेक के हाथ, पैर, सिर, पीठ पर गहरी चोटें आई हैं। अभिषेक के बेहोश होकर गिर जाने पर आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। घायल अभिषेक को तुरंत मानेसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर्स के मुताबिक अभिषेक के शरीर पर कुल्हाड़ी के गहरे घाव हैं। हाथ बुरी तरह से टूटा हुआ है। शरीर पर और भी कई जगह गहरी चोटें हैं। उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के बाद अस्पताल में पीड़ित अभिषेक के बयान को लेकर डॉक्टर्स से बात की। बताया गया कि अभिषेक अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
अभिषेक के भाई ने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले किसी अनजान नंबर से उसके पास फोन आया था। कॉल करने वाले ने धमकी दी थी कि रितेश तेरे को तो मारेंगे ही, पूरे परिवार को देख लेंगे। रितेश ने उस कॉल की शिकायत स्थानीय थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रितेश का कहना है कि हमलावरों ने अभिषेक को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। गाड़ी का नंबर ट्रेस करके आरोपियों को जल्द काबू किया जाएगा।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
